Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य में सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देशों को पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफ.डी.ए.) पंजाब ने राज्य में दूध के नमूने लेने के लिए दो-दिवसीय अभियान चलाया. यह अभियान बुधवार और वीरवार को चलाया गया.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देशों और एफ.डी.ए. पंजाब के कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ की निगरानी में चलाया गया यह अभियान डेयरी सप्लाई चेन के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित था.
FSSAI एक्ट के तहत कानूनी कदम
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि राज्य भर में तड़के नाके लगाए गए थे, जिनके तहत शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में डेयरी फार्मों, संग्रह केंद्रों, प्रोसेसिंग यूनिटों और खुदरा दुकानों से दूध के 200 नमूने लिए गए.
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एकत्र किए गए नमूनों को मिलावट, अशुद्धता और निर्धारित मानकों की पालना की जांच हेतु मान्यता प्राप्त स्टेट फूड लेबोरेटरी में भेजा गया है, उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा, “यदि कोई भी फूड बिजनेस ऑपरेटर (एफ.बी.ओ.) नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के प्रावधानों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा.”
डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से सतर्क रहने और खाद्य पदार्थों में मिलावट के किसी भी संदिग्ध मामले की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को देकर इस मिशन में अपना योगदान देने की अपील की.
जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
सप्लाई चेन से मिलावटी दूध को खत्म करके जनस्वास्थ्य की रक्षा के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाया कि यह सैंपलिंग अभियान एक सतत और मजबूत प्रवर्तन अभियान का हिस्सा है, जो आने वाले हफ्तों में ‘सेहतमंद और रंगला पंजाब’ सुनिश्चित करने के लिए जारी रहेगा.
पंजाब में सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा
चौकसी के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कमिश्नर एफ.डी.ए. कंवलप्रीत बराड़ ने कहा कि फूड सेफ्टी अधिकारी न केवल कानून लागू कर रहे हैं बल्कि विक्रेताओं और डेयरी ऑपरेटरों को स्वच्छता, उचित संभाल और सही स्टोरेज प्रथाओं के बारे में भी जागरूक कर रहे हैं, उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों की भलाई को ध्यान में रखते हुए डेयरी सेक्टर में उच्च मानकों को बनाए रखना बेहद जरूरी है.
उल्लेखनीय है कि पंजाब भर में फूड सेफ्टी प्रवर्तन को मजबूत करने के लिए आने वाले हफ्तों में विभाग के चल रहे अभियान के हिस्से के रूप में यह सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









