Other Statesक्राइमराज्य

अवैध खनन रोकने पहुंचे नायब तहसीलदार पर हमला, JCB पर लटकाकर 4 किलोमीटर तक घसीटा

Crime News : महाराष्ट्र के नागपुर जिले से अवैध खनन माफियाओं की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. कुही तहसील में अवैध मुरूम उत्खनन रोकने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया. कार्रवाई के दौरान माफियाओं ने न सिर्फ सरकारी टीम का विरोध किया, बल्कि नायब तहसीलदार की जान तक जोखिम में डाल दी.

घटना 5 मई की देर रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है. कुही तहसील के बोरी नाईक क्षेत्र में अवैध मुरूम खनन की शिकायत मिलने के बाद नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकाळजे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे. वहां पहुंचने पर टीम ने एक जेसीबी मशीन को अवैध उत्खनन करते हुए पकड़ा. चलती जेसीबी पर चढ़े अधिकारी, आरोपी चालक ने नहीं रोकी मशीन सूत्रों के मुताबिक, जब राजस्व अधिकारियों ने जेसीबी को रोकने की कोशिश की तो चालक वाहन लेकर भागने लगा. हालात को काबू में करने के लिए नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकाळजे चलती जेसीबी पर चढ़ गए, लेकिन चालक ने मशीन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी.

आरोप है कि चालक ने अधिकारी को जेसीबी पर लटकाए हुए करीब 3 से 4 किलोमीटर तक दौड़ाया. इस दौरान उन्हें नीचे गिराने और घायल करने की भी कोशिश की गई. पूरी घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की भनक लगते ही आरोपी चालक जेसीबी मशीन छोड़कर फरार हो गया. बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक मयूर थोटे को गिरफ्तार कर लिया.

बताया जा रहा है कि जब यह पूरी घटना हो रही थी, तब नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकालजे ने खुद मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया. वीडियो में उनकी आवाज भी सुनाई दे रही है, जिसमें वह मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं. इस घटना के बाद इलाके में अवैध खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय प्रशासन और पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button