Crime News : भुवनेश्वर में कथित छेड़छाड़ के आरोप को लेकर हुई हिंसक घटना में एक जीआरपी कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मामला बलियांटा थाना क्षेत्र के भिंगारापुर इलाके का बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत उस समय हुई जब मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की टक्कर एक ऐसे दोपहिया वाहन से हो गई, जिस पर दो महिलाएं सवार थीं. टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की.
युवकों के हाथ-पैर बांधकर की मारपीट
महिलाओं की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके हाथ-पैर बांस की लाठियों से बांधकर उनकी जमकर पिटाई की.
घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तुरंत कैपिटल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां इलाज के दौरान सौम्य रंजन स्वाइन की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे. वहीं, दूसरा युवक ओम प्रकाश राउत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है. पुलिस ने ओम प्रकाश राउत का बयान दर्ज कर लिया है.
निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के एक रिश्तेदार ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी कथित विवाद या दुर्व्यवहार के आरोप में दिन-दहाड़े इस तरह किसी की पीट-पीटकर हत्या कर देना गंभीर मामला है, उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग भी की.
मदद के लिए महिलाओं ने 112 पर दी सूचना
दूसरी ओर, दोनों महिलाओं ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवकों ने अपनी बाइक से उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. महिलाओं ने घटना के दौरान इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर भी कॉल किया था और स्थानीय लोगों को सहायता के लिए बुलाया था.
पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









