
Delhi Police Action : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हालिया विरोध प्रदर्शनों और सोशल मीडिया पर फैल रही कथित भ्रामक सूचनाओं को लेकर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने गलत जानकारी प्रसारित करने और माहौल बिगाड़ने के आरोप में सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अब इन पोस्ट के स्रोत और उनके पीछे की गतिविधियों की जांच कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 273 कंपनियां तैनात रखने की मांग
विरोध प्रदर्शनों और आगामी त्योहारी मौसम को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गृह मंत्रालय से 273 कंपनियों की तैनाती जारी रखने का अनुरोध किया है। इसी बीच, सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी और भ्रामक पोस्ट के मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब तक 200 से अधिक ऐसी पोस्ट हटवा चुकी है, जिन्हें भ्रामक या तथ्यहीन बताया गया है। इसके अलावा, पाकिस्तान से संचालित बताए जा रहे सोशल मीडिया अकाउंट्स समेत करीब 100 हैंडल्स पर नजर रखी जा रही है। इन पर कथित तौर पर गलत बयानबाजी और भ्रामक सामग्री फैलाने का आरोप है।
भारत विरोधी प्रचार में पाकिस्तानी हैंडल्स की भूमिका की जांच
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कुछ पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स की गतिविधियां भी सामने आई हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन हैंडल्स के जरिए भारत विरोधी संदेश फैलाने और तनावपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश की गई।
सूत्रों का कहना है कि 10 अक्टूबर से सोशल मीडिया पर एक कथित प्रचार अभियान सक्रिय हुआ। इसमें पाकिस्तान से संचालित कुछ यूजर्स पर भारतीय नामों का इस्तेमाल करके वीडियो और गलत खबरें साझा करने का आरोप है। ऐसा किए जाने के पीछे पोस्ट को भारत के भीतर से प्रसारित दिखाने की मंशा होने की आशंका जताई गई है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मौतों को लेकर भी फैलीं भ्रामक खबरें
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 10 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान मौतों से संबंधित कुछ ऐसी खबरें भी सोशल मीडिया पर प्रसारित की गईं, जिन्हें गलत बताया गया है। इसके अलावा, लोगों के बीच भ्रम और अशांति पैदा करने वाली सामग्री पर भी कार्रवाई की गई है।
अब तक 200 से ज्यादा पोस्ट हटाए जाने के बाद पुलिस साइबर सेल की सहायता से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की गतिविधियों और उनके संभावित स्रोतों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लोगों से अपुष्ट पोस्ट साझा नहीं करने की अपील
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर मिलने वाली हर जानकारी पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि लोग किसी भी खबर या वीडियो को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें और जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता दें।
पुलिस ने भ्रामक सामग्री फैलाने वाले फर्जी और विदेशी सोशल मीडिया हैंडल्स को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जांच जारी है और पुलिस की निगरानी ऐसे अकाउंट्स पर बनी हुई है, जिन पर गलत सूचनाएं फैलाकर माहौल बिगाड़ने का संदेह है।
ये भी पढ़ें – सड़क हादसे में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान, यूपी में 27 राहवीरों को पुरस्कृत करने की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









