Train Accident : उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. रेलवे यार्ड में शंटिंग के दौरान उज्जैन एक्सप्रेस अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे इंजन और कुछ कोच पटरी से उतर गए. तेज रफ्तार में बढ़ी ट्रेन यार्ड की दीवार तोड़ते हुए आगे निकल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 14317 उज्जैन एक्सप्रेस को स्टेशन यार्ड में शंटिंग के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन का नियंत्रण बिगड़ गया. प्रारंभिक जांच में ब्रेक सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है.
रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है. हादसे के तुरंत बाद रेलवे की तकनीकी टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई.
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि इंजन के पहिए पटरी से उतर गए हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. रेलवे ट्रैक और यार्ड में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है.
तकनीकी मॉनिटरिंग को लेकर बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मॉनिटरिंग पर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं. अगर ट्रेन में यात्री मौजूद होते तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था. फिलहाल रेलवे प्रशासन घटना के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है.
ये भी पढ़ें- Sasaram Train Fire : सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









