Petrol Diesel Price : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है, जहां क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इसी दबाव के चलते सरकारी तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है।
मंगलवार सुबह जारी नई रेट लिस्ट के अनुसार, ईंधन के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि दर्ज की गई है। यह एक हफ्ते के भीतर दूसरी बढ़ोतरी है, इससे पहले पिछले शुक्रवार को भी कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था। वहीं जमुई में पेट्रोल की कैपिंग की जा रही है। कुछ पंप पर केवल 200 रुपए के ही पेट्रोल दिए जा रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
राजधानी पटना में पेट्रोल-डीजल के दाम
पटना में पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम बढ़ गए हैं। पहले जहां पेट्रोल 108.67 रुपये प्रति लीटर था, वहीं अब यह बढ़कर 109.57 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डीजल की कीमत भी 94.65 रुपये से बढ़कर 95.55 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। इससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
फल, सब्जियां आदि होंगे महंगे
ईंधन की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन, कृषि और रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ सकता है। डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ेगा, जिससे सब्जियां, फल और अन्य आवश्यक वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। वहीं किसानों की खेती लागत भी बढ़ेगी क्योंकि ट्रैक्टर और सिंचाई उपकरणों में डीजल का उपयोग होता है। इसके अलावा बस और ऑटो किराए में भी बढ़ोतरी की संभावना है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची है हलचल
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें फिलहाल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी हैं, जबकि कुछ समय पहले यह लगभग 70 डॉलर के आसपास थी। इसी वजह से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है और कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। अगर वैश्विक स्तर पर तनाव और कीमतों में तेजी जारी रहती है तो आने वाले समय में ईंधन और भी महंगा हो सकता है।
एक्साइज ड्यूटी और राज्यों का वैट
भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें कई कारकों पर निर्भर करती हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय क्रूड ऑयल की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और विभिन्न टैक्स शामिल हैं। तेल कंपनियां रोजाना सुबह 6 बजे डेली प्राइस रिवीजन के तहत नई कीमतें जारी करती हैं, जिसमें रिफाइनिंग लागत, डीलर कमीशन, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी और राज्यों का वैट शामिल होता है। इसी वजह से अलग-अलग राज्यों में ईंधन की कीमतें अलग-अलग देखने को मिलती हैं।
ये भी पढ़ें- Deepika Murder Case : दीपिका मर्डर केस में बड़े खुलासे, पेट में घाव, सिर में हेमेटोमा, चौंका देगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









