Punjab

मलेरकोटला में जाली करेंसी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 5.50 लाख रुपये की नकली करेंसी सहित चार काबू

Fake Currency Case : पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाई गई मुहिम के दौरान नकली भारतीय करेंसी नोटों (एफआईसीएन) के प्रचलन को करारा झटका देते हुए काउंटर इंटेलिजेंस पटियाला (सीआई यूनिट मलेरकोटला) ने जाली करेंसी मॉड्यूल में शामिल चार व्यक्तियों को 5.50 लाख रुपये की नकली करेंसी सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान नाजर खान निवासी गांव झुनीर, मलेरकोटला; राज मोहम्मद निवासी धूरी, संगरूर; मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह निवासी गांव मलिकपुर, जींद, हरियाणा और आसिफ अली निवासी मलेरकोटला के रूप में हुई है।

नकली भारतीय करेंसी में 500 रुपये के नोट

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद की गई नकली भारतीय करेंसी में सभी 500 रुपये के नोट हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किया गया राज मोहम्मद आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट से संबंधित एक एफआईआर दर्ज है। डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।

4 लाख रुपये के नकली भारतीय करेंसी नोट

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एआईजी सीआई पटियाला डॉ. सिमरत कौर ने बताया कि सीआई यूनिट मलेरकोटला की टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों- नाजर खान और राज मोहम्मद- को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 4 लाख रुपये के नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि आगे की जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों- मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह और आसिफ अली- को भी गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1.5 लाख रुपये के अन्य नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद किए गए।

बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज

एआईजी ने कहा कि आगे की जांच के दौरान आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां एवं बरामदगियां होने की संभावना है।
इस संबंध में एफआईआर नंबर 159 दिनांक 17.05.2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 179 और 180 के तहत मलेरकोटला के थाना अमरगढ़ में दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- Punjab Politics : मोदी सरकार ने प्रतिबंधों और महंगाई के जरिए देश में अघोषित लॉकडाउन लागू किया- सीएम मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button