मौसम

दिल्ली में गर्मी का बढ़ता कहर जारी, तापमान में राहत की उम्मीद नहीं, जानें आज का मौसम अपडेट

Weather Today : देश में मौसम का रुख लगातार बदलता नजर आ रहा है, जहां कभी तेज धूप तो कभी हल्की बारिश लोगों को प्रभावित कर रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 15 और 16 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी और तेज धूप लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तापमान में और बढ़ोतरी होने तथा लू के असर में इजाफा होने की संभावना जताई गई है.

तापमान 39.8 डिग्री तक पहुंचा

शुक्रवार (15 मई) को दिल्ली के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई. इस दिन राजधानी में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

IMD के अनुसार पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में लगभग 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई. इस दौरान दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम दिशा से हवाएं चलीं, जिनकी औसत गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही और झोंकों के साथ यह 48 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. वहीं गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री, गुरुग्राम और नोएडा में 39.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

16 मई को 42 डिग्री तक पहुंच सकता पारा

आने वाले दो दिनों तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद 24 घंटों में इसमें 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. शनिवार (16 मई) को मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. आसमान साफ रहने की संभावना है और हवाओं की गति लगभग 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. नोएडा और गाजियाबाद में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने का अनुमान है.

गर्मी और लू को लेकर सतर्कता जरूरी

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस बार मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है. दक्षिण भारत में मानसून की शुरुआत जल्दी होने के संकेत मिल रहे हैं, जिसका असर उत्तर भारत के मौसम पर भी पड़ सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि गर्मी से स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं.

ये भी पढ़ें- तीन साल की रेप पीड़ित बच्ची तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती है, फिर भी स्कूल को क्यों बचाया जा रहा है? – सौरभ भारद्वाज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button