Weather Update : देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिल रहा है. कहीं तेज गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, तो कहीं धूलभरी हवाओं के साथ बारिश के संकेत बने हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन यहां किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है. इसी तरह लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, भोपाल और पटना में मौसम के सामान्य तौर पर साफ रहने की संभावना जताई गई है और इन क्षेत्रों में भी कोई अलर्ट नहीं है.
वहीं, राजस्थान के जयपुर में सुबह के समय हल्के बादल रह सकते हैं, जबकि दिन चढ़ने के साथ बादलों की घनता बढ़ने की आशंका है. यहां गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना भी बताई गई है. चंडीगढ़ में भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि यहां भी कोई मौसम चेतावनी नहीं दी गई है.
अंडमान सागर–दक्षिण बंगाल में मानसून संकेत
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 16 मई 2026 के आसपास अंडमान सागर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती दिख रही हैं, जो मानसून की शुरुआती गतिविधियों का संकेत हो सकता है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
वहीं उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में इस सप्ताह भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को दिन के समय धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.
इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में 13 से 19 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. साथ ही पुडुचेरी, कराईकल, केरल, तमिलनाडु, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 13 से 17 मई के दौरान कई जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- New Delhi : देश की आर्थिक स्थिति का सच देशवासियों के सामने रखे मोदी सरकार- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









