Medical Emergency : गिरिडीह सदर अस्पताल में कथित रूप से समय पर रक्त उपलब्ध न होने के कारण 50 वर्षीय महिला मरीज मीना देवी की मौत हो गई। मृतका मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महेशपुर फुलची की निवासी थीं। घटना के बाद अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
रांची से होकर आएगा रक्त जांच
मीना देवी की हालत बिगड़ने पर उन्हें गुरुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तुरंत रक्त चढ़ाने की सलाह दी। परिजनों ने स्वयं रक्तदान कर ब्लड बैंक में जमा कराया, लेकिन कर्मियों ने कहा कि रक्त जांच रांची से होकर आएगा और शुक्रवार सुबह तक उपलब्ध होगा।
दो घंटे तक प्रोसेसिंग और मैचिंग में देरी
अस्पताल के पास ही घर होने के कारण परिजन रात में महिला को घर ले गए। शुक्रवार सुबह जब वे रक्त लेने आए, तो उन्हें मरीज का ब्लड सैंपल जमा करने को कहा गया। इसके बाद भी लगभग दो घंटे तक प्रोसेसिंग और मैचिंग में देरी हुई। इस दौरान परिजनों ने बार-बार गुहार लगाई, लेकिन कोई तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। समय पर रक्त न मिलने के कारण महिला की हालत बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच तेज की
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और परिजनों से बातचीत की।
ब्लड मैचिंग की प्रक्रिया में घंटों की देरी
सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लड बैंक इंचार्ज से जवाब तलब किया। प्रारंभिक जांच में लैब टेक्नीशियन की लापरवाही सामने आई। जांच में पता चला कि ब्लड मैचिंग की प्रक्रिया में लगभग दो घंटे की देरी हुई, जिससे समय पर रक्त उपलब्ध नहीं कराया जा सका।
भविष्य में ना हो ऐसी घटनाएं
सिविल सर्जन ने कहा कि संबंधित लैब टेक्नीशियन की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
ये भी पढ़ें- Realme 16T 5G लॉन्च, 8000mAh बैटरी और 3 दिन तक का बैकअप, जानें कीमत और फीचर्स
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









