Crime News : हरियाणा के सोनीपत में देर रात पुलिस और दो अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. यह घटना गौरड़ गांव के पास खेतों में हुई, जहां सोनीपत पुलिस की क्राइम यूनिट-1 ने दोनों आरोपियों को घेर लिया था. पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें इंस्पेक्टर राजीव की जान उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर लगातार गोलियां चलाईं. एक गोली इंस्पेक्टर राजीव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उन्हें कोई चोट नहीं आई. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया.
फायरिंग में एक आरोपी घायल
फायरिंग के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई. उसकी पहचान राजू उर्फ बांदा के रूप में हुई है, जो किडोली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. घायल अवस्था में उसे खरखौदा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. वहीं दूसरे आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो बहादुरगढ़ का निवासी है और उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया.
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस
वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इनका किसी अन्य आपराधिक घटनाओं से भी संबंध है.
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक अवैध 32 बोर पिस्टल और एक लोहे का धारदार नुकीला औजार बरामद किया, जिसका इस्तेमाल बर्फ तोड़ने जैसे कामों में होता है. पुलिस के अनुसार अपराधी इसका इस्तेमाल वारदातों के दौरान करते थे. घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान भी चलाया गया.
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित साथियों की जानकारी जुटा रही है. अधिकारी मान रहे हैं कि आने वाले समय में इस मामले से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं.
ये भी पढ़ें- मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, लुधियाना की नीलो नहर में मिला शव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









