Punjab News : पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में चार दिवसीय पंजाब स्टेट सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का बुधवार को शुभारंभ हुआ. यह प्रतियोगिता 22 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी.
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक एवं पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रधान सरदार अमृतपाल सिंह सुखानंद ने किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशों से दूर रखकर खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है.
उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार खेल बजट को 350 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1791 करोड़ रुपये किया गया है, जो खेलों के विकास के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है, उन्होंने राज्य में जमीनी स्तर पर बैडमिंटन को बढ़ावा देने के लिए एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना भी की.
22 मई को होंगे फाइनल मुकाबले
पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना ने बताया कि टूर्नामेंट को खिलाड़ियों का शानदार समर्थन मिला है. राज्य के 23 जिलों से करीब 400 खिलाड़ियों की 600 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं. अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में लड़कों और लड़कियों के कुल 10 मुकाबले खेले जा रहे हैं. अगले चार दिनों में लगभग 500 मैच आयोजित होंगे. फाइनल मुकाबले 22 मई को खेले जाएंगे, जिनमें विजेताओं को नकद पुरस्कार और अन्य आकर्षक इनाम दिए जाएंगे, उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और कोचों की सुविधा के लिए खाने-पीने और रिफ्रेशमेंट के विशेष प्रबंध किए गए हैं.
सड़क दुर्घटनाओं में हुई थी दुखद मृत्यु
इस दौरान एसोसिएशन ने राज्य के दो होनहार बैडमिंटन खिलाड़ियों, स्वर्गीय मयंक शर्मा और साहिब, को भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिनकी अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दुखद मृत्यु हो गई थी. उनकी स्मृति में अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में दो विशेष ट्रॉफियां शुरू की गई हैं.
सेंट डेनिस ओपन में जीता कांस्य पदक
जालंधर की अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी मान्या रलहन को फ्रांस में आयोजित सेंट डेनिस ओपन में कांस्य पदक जीतने पर मुख्य अतिथि द्वारा 31 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर डीबीए के कोषाध्यक्ष पलविंदर जुनेजा, हरप्रीत सिंह, जसवंत सिंह, पंजाब मसीह, धीरज शर्मा, सचिन रत्ती, वरुण कुमार सहित बैडमिंटन जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं.
ये भी पढ़ें- मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, लुधियाना की नीलो नहर में मिला शव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









