Delhi Heatwave : दिल्ली-NCR में गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ानी शुरू कर दी है और हालात ऐसे बन रहे हैं जैसे आसमान से आग बरस रही हो. बुधवार (20 मई) को राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में तेज गर्मी के साथ हीटवेव का असर और ज्यादा तेज रहने की संभावना जताई गई है. सुबह से ही कड़ी धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर के समय स्थिति और कठिन हो सकती है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
लू और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने दोपहर और शाम के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान गर्म हवाएं यानी लू चलने की आशंका है. साथ ही तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं. चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को खास ध्यान रखने की जरूरत है. बिना जरूरी काम के दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना बेहतर रहेगा.
बिजली-पानी पर बढ़ा दबाव
बढ़ती गर्मी का असर अब दिल्ली की बिजली और पानी की आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है. एसी और कूलर के बढ़ते उपयोग से बिजली की मांग तेजी से ऊपर जा रही है, जबकि कई इलाकों में पानी की खपत भी सामान्य से काफी अधिक दर्ज की जा रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है.
सावधानी बरतने की अपील
अगर मौसम में जल्द राहत नहीं मिली तो मई का महीना दिल्ली के सबसे गर्म महीनों में शामिल हो सकता है. लगातार कई दिनों तक 44 से 45 डिग्री तक तापमान बने रहने से गर्मी का प्रभाव और अधिक गंभीर हो सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें- मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, लुधियाना की नीलो नहर में मिला शव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









