UP Police Badminton : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 9 मई 2026 से 13 मई 2026 तक ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. यह प्रतियोगिता पुलिस विभाग की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में मानी जाती है, जिसमें देशभर की राज्य पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की टीमें हिस्सा लेती हैं. प्रतियोगिता में कुल 42 टीमों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 1200 खिलाड़ी शामिल हुए. इनमें बैडमिंटन और टेबल टेनिस के करीब 700 खिलाड़ी विभिन्न टीमों से प्रतिभाग करने पहुंचे.
उत्तर प्रदेश पुलिस बैडमिंटन टीम के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने टीम के हेड कोच सब इंस्पेक्टर वरुण पवार, महिला कोच हेड कांस्टेबल भावना बालियान तथा सहायक कोच हेड कांस्टेबल विनय कुमार पांडे के कुशल नेतृत्व में कुल 17 मेडल अर्जित किए.
इस बार टीम ने 17 पदक अपने नाम किए
गौरतलब है कि पिछले वर्ष यह प्रतियोगिता केरल के कोच्चि में आयोजित हुई थी, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस बैडमिंटन टीम ने 10 मेडल हासिल किए थे. इस बार टीम ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 17 पदक अपने नाम किए. टीम इवेंट में महिला टीम ने द्वितीय स्थान, जबकि पुरुष टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
टीम के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के खेल सचिव आईपीएस डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने खिलाड़ियों और तीनों कोचों को बधाई दी तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया.
पुलिस अधिकारियों के सहयोग से मिली सफलता
सभी बैडमिंटन खिलाड़ियों ने खेल सचिव आईपीएस डॉ. प्रीतिंदर सिंह, पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद जे. रविंद्र गौड़, एडिशनल डीसीपी पीयूष सिंह तथा गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर स्थित सीबीआई अकादमी के डायरेक्टर आईपीएस शोहेल शर्मा और सीबीआई भारत इंचार्ज संजय मान का आभार व्यक्त किया. खिलाड़ियों ने कहा कि इन सभी के सहयोग और आशीर्वाद से ही यह बड़ी उपलब्धि हासिल हो पाई है.
टेबल टेनिस टीम ने कायम किया दबदबा
यह भी उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस टेबल टेनिस टीम भी बैडमिंटन टीम से पीछे नहीं रही. महिला और पुरुष दोनों वर्गों में टीम चैंपियन बनी. टेबल टेनिस टीम ने 5 गोल्ड, 6 सिल्वर और 8 रजत पदक अर्जित कर ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया.
उत्तर प्रदेश पुलिस टेबल टेनिस टीम के कोच महेश चंद पांडे ने इस सफलता का श्रेय उत्तर प्रदेश पुलिस के खेल सचिव डॉ. प्रीतिंदर सिंह, आईपीएस चारु निगम तथा टीम के सभी खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन को दिया. वहीं खिलाड़ियों ने भी इस सफलता में अपने कोच की अहम भूमिका बताई.
खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश पुलिस बैडमिंटन और टेबल टेनिस टीम की सराहना पुलिस परिवार के मुखिया राजीव कृष्ण और अन्य अधिकारियों द्वारा की गई. दोनों टीमों ने मिलकर कुल 36 पदक और दो ट्रॉफियां अर्जित कीं.
अगली प्रतियोगिता अक्टूबर 2026 में गुजरात के अहमदाबाद में प्रस्तावित है. इसके लिए दोनों टीमों को और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए डॉ. प्रीतिंदर सिंह द्वारा प्रोत्साहित किया गया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
ये भी पढ़ें- मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, लुधियाना की नीलो नहर में मिला शव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









