
Petrol Diesel Shortage : ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा युद्ध अब हमारे देश पर गहरा असर डाल चुका है। पिछले कुछ महीनों ने सिलेंडर को लेकर लोगों के बीच तनाव बना हुआ था। अब डीजल-पेट्रोल को लेकर सरकार ने सख्ती बरतनी शुरु कर दी है। पहले तो ईंधनों के दाम बढ़े और अब कई जगहों पर ईंधन खरीद पर कई तरह के नियम लागू हो चुके हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में ईंधन की सुचारू सप्लाई बनाए रखने और जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त कदम उठाए हैं।
जिला आपूर्ती की सख्ती
जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) स्वीटी ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी पेट्रोल पंप पर खुले में (बोतल या ड्रम) डीजल-पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही, एक बार गाड़ी का टैंक फुल कराने के बाद उसी दिन फिर से उसी वाहन को दोबारा तेल नहीं मिलेगा।
जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क
फिरोजाबाद में तेल की सप्लाई प्रभावित होने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ने लगी थी, क्योंकि लोगों को डर था कि आने वाले दिनों में डीजल-पेट्रोल की कमी हो सकती है। इसी स्थिति को संभालने के लिए जिला प्रशासन ने नए नियम लागू किए हैं ताकि किसी भी तरह की अफरा-तफरी न फैले।
ईंधन स्टोरेज पर रोक
अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदकर स्टोर करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे आम लोगों को परेशानी हो सकती थी। खासतौर पर कोल्ड स्टोर और बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों में डीजल की खपत अधिक होने के कारण प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अतिरिक्त स्टॉक मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
बताया जा रहा है कि तेल कंपनियों से आने वाली सप्लाई लगातार देरी से पहुंच रही है। कई पेट्रोल पंप मालिकों ने पहले ही भुगतान कर दिया है, लेकिन डिपो से टैंकर आने में दो-दो दिन लग रहे हैं। वहीं मथुरा रिफाइनरी बंद रहने का असर भी जिले की सप्लाई व्यवस्था पर पड़ा है, जिससे कुछ इलाकों में अस्थायी दबाव देखने को मिला।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदें। अधिकारियों के मुताबिक जिले में डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें – ईंधन कीमतों में आग: पेट्रोल-डीजल महंगा, सब्जी-दूध के दाम बढ़ने की आशंका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








