Punjab News : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही अपनी मुहिम के दौरान जिला माल अफसर, मोगा के रीडर दविंदर पाल सिंह को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है.
यह जानकारी देते हुए राज्य विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव चक्क कानियां खुर्द, तहसील धर्मकोट, जिला मोगा के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है.
13 एकड़ जमीन केस में 1 लाख रिश्वत मांग
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के पुत्र का 13 एकड़ जमीन की बंटवारा संबंधी डीआरओ, मोगा की अदालत में केस चल रहा था. आरोपी रीडर दविंदर पाल सिंह ने कथित तौर पर 5-6 महीनों के अंदर केस का जल्दी निपटारा करने के लिए 1,00,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी. उसने शिकायतकर्ता को 50,000 रुपये रिश्वत की राशि एडवांस में देने और बाकी 50,000 रुपये केस निपटारे के बाद देने को कहा था. शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की सारी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी.
20 हजार रिश्वत लेते रीडर रंगे हाथ गिरफ्तार
रिश्वत देने के लिए तैयार न होने के कारण शिकायतकर्ता ने विजीलेंस ब्यूरो यूनिट मोगा से संपर्क किया. उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए आरोपी रीडर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









