Rajasthan

जयपुर एयरपोर्ट से फर्जी वीजा पर इराक जा रहे 3 युवक गिरफ्तार, अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां

Jaipur Airport : राजधानी जयपुर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए विदेश जाने की एक बड़ी कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने फर्जी टूरिस्ट वीजा पर इराक जाने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का संबंध उत्तर प्रदेश और बिहार से बताया गया है। इस घटना के बाद एयरपोर्ट और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

दस्तावेजों पर शक होने पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 12 मई को एयरपोर्ट प्रशासन को इन यात्रियों के दस्तावेजों पर शक हुआ। तुरंत स्थानीय एयरपोर्ट थाने को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो वीजा फर्जी पाए जाने की पुष्टि हुई। इस कार्रवाई में सुरेश कुमार (उत्तर प्रदेश), आलोक कुमार और रुपेश यादव (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सख्ती से कर रही मामले की जांच

जयपुर ईस्ट की डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट प्रशासन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फर्जी वीजा उन्हें किसने और कैसे मुहैया कराया, और उनके इराक जाने के वास्तविक उद्देश्य क्या थे।

मामले की बारीकी से जांच जारी

जांच एजेंसियों के सामने एक बड़ा सवाल यह है कि यूपी और बिहार के युवक दिल्ली या अन्य बड़े एयरपोर्ट के बजाय जयपुर को क्यों चुने। पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले के पीछे किसी बड़े मानव तस्करी या फर्जी वीजा नेटवर्क का हाथ हो सकता है। यह भी देखा जा रहा है कि क्या युवक स्वयं ठगी के शिकार थे या उनकी मंशा कुछ और थी। चूंकि मामला सीधे राष्ट्रीय सुरक्षा और इराक जैसे संवेदनशील देश से जुड़ा है, इसलिए पुलिस और स्पेशल टीमें हर एंगल से इस केस की बारीकी से जांच कर रही हैं।

ये भी पढ़ें- गर्मियों में कार के इंजन का ओवरहीट होना, चेतावनी और बचाव के तरीके

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button