राष्ट्रीय

पुलवामा हमले से जुड़ा आतंकी कमांडर हमजा बुरहान पीओके में मारा गया

Terror Killed : जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को एक और बड़ा झटका लगा है. प्रतिबंधित आतंकी संगठन Al-Badr से जुड़े प्रमुख कमांडरों में शामिल अरजमंद गुलजार उर्फ ‘बुरहान हमजा’ के मारे जाने की खबर सामने आई है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह लंबे समय से भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था और दक्षिण कश्मीर में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने वाले अहम चेहरों में गिना जाता था.

अरजमंद गुलजार मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा क्षेत्र का निवासी था. बताया जाता है कि करीब सात साल पहले वह वैध दस्तावेजों के जरिए पाकिस्तान चला गया था, जहां उसने आतंकी संगठन अल-बद्र से जुड़ाव कर लिया. इसके बाद वह संगठन में ऑपरेशनल कमांडर के तौर पर काम करने लगा और पाकिस्तान से ही कश्मीर में भर्ती, फंडिंग और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क को संचालित करता था.

2022 में आतंकी घोषित

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में उसका नाम लंबे समय से शामिल था. गृह मंत्रालय ने वर्ष 2022 में उसे आधिकारिक रूप से आतंकवादी घोषित किया था. उस पर आरोप था कि वह पुलवामा और दक्षिण कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवाओं की भर्ती करने और आतंकी फंडिंग जुटाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था.

पुलवामा में आतंकी गतिविधियों का पुराना केंद्र

पुलवामा क्षेत्र को घाटी में लंबे समय से आतंकी गतिविधियों का संवेदनशील केंद्र माना जाता रहा है. इसी इलाके से पहले भी कई कुख्यात नाम सामने आ चुके हैं, जिनमें बुरहान वानी का नाम भी शामिल रहा है, जिसने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को प्रभावित किया था. अरजमंद गुलजार को भी इसी तरह के ‘डिजिटल कट्टरपंथ’ मॉडल से जुड़ा माना जाता था, जिसमें ऑनलाइन माध्यमों और स्थानीय नेटवर्क के जरिए युवाओं को हथियार उठाने के लिए प्रेरित किया जाता है.

तीन जिलों में फैला नेटवर्क

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसका नेटवर्क पुलवामा, शोपियां और अवंतीपोरा इलाकों में फैला हुआ था. उस पर हथियारों की आपूर्ति, फंडिंग और निर्देशों के आदान-प्रदान के लिए पाकिस्तान से स्थानीय ओवरग्राउंड वर्कर्स के जरिए संपर्क बनाए रखने के आरोप भी थे. इसके अलावा कई मामलों में उसका नाम विस्फोटक बरामदगी, ग्रेनेड हमलों और आतंकी भर्ती गतिविधियों से भी जोड़ा जाता रहा है.

ये भी पढ़ें – केरल में अब वीडी सतीशन का चलेगा राज, शपथ लेकर सीएम पद की कुर्सी पर हुए काबिज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button