राष्ट्रीय

NEET पेपर लीक केस में CBI की जांच तेज, RCC इंस्टीट्यूट पर शिकंजा

NEET Paper Leak : NEET परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. इस केस में हाल ही में हुई गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा महाराष्ट्र स्थित RCC इंस्टीट्यूट तक पहुंच गया है, जिससे कोचिंग संस्थान की भूमिका को लेकर कई नए सवाल खड़े हो गए हैं.

सूत्रों के अनुसार, RCC इंस्टीट्यूट से वर्ष 2025 में कुल 21 छात्रों का NEET में चयन हुआ था. इनमें से 19 छात्रों को देश के प्रमुख AIIMS संस्थानों में प्रवेश मिला, जबकि 2 छात्रों ने मुंबई के KEM अस्पताल में एडमिशन हासिल किया था. इस असाधारण सफलता को लेकर अब जांच एजेंसियां गहराई से पड़ताल कर रही हैं.

पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही CBI

CBI अब केवल 2025 के परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि पिछले चार से पांच वर्षों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पहले के वर्षों में भी प्रश्नपत्र लीक या किसी तरह की अनियमितता के जरिए सफलता हासिल की गई थी. साथ ही, सफल छात्रों के मार्क्स, रैंक और एडमिशन पैटर्न की भी जांच की जा रही है.

“सक्सेस स्टोरी” या सिस्टम का खेल?

वहीं, जांच एजेंसियों का ध्यान इस बात पर भी है कि RCC इंस्टीट्यूट अपनी मार्केटिंग में जिन टॉप रैंक और चयनित छात्रों का हवाला देता था, वे वास्तविक मेहनत का परिणाम थे या इसके पीछे कोई संदिग्ध नेटवर्क सक्रिय था.

संचालक गिरफ्तार, कोचिंग की बढ़ी मुश्किलें

इस मामले में RCC इंस्टीट्यूट के संचालक शिवराज मोटेगांवकर को CBI पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. महाराष्ट्र के कोचिंग क्षेत्र में उन्हें “M Sir” के नाम से जाना जाता है. लातूर के केमिस्ट्री शिक्षक रहे मोटेगांवकर ने RCC Classes (Renukai Chemistry Classes) को NEET और JEE कोचिंग के बड़े नामों में शामिल किया था.

अब पूरी जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह सफलता पूरी तरह शैक्षणिक मेहनत का परिणाम थी या इसके पीछे कोई संगठित गड़बड़ी भी शामिल थी.

ये भी पढ़ें – दीपिका नागर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा, शरीर के आंतरिक अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button