Road Accident News : सिरोही जिले के रेवदर तहसील क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ. कांडला हाईवे पर डबाणी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर (अज्ञात वाहन) ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह टूट गई और उस पर सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. इसके बाद अनादरा थाना पुलिस भी वहां पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने तीनों शवों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेज दिया.
अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद चालक फरार
बताया जा रहा है कि तीनों लोग किसी काम से जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है. इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है.
इसके अलावा सिरोही और जालोर जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बच्चा और बुजुर्ग दंपती समेत चार लोग घायल हो गए. सभी घायलों को सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां बुजुर्ग दंपती की हालत गंभीर बताई जा रही है.
सिरोही सदर क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर गिरी
पहली घटना सिरोही सदर थाना क्षेत्र की है. खंगारा राम देवासी अपनी पत्नी लक्ष्मी और 5 साल के पोते हितेश के साथ बाइक से वेलांगरी से बालदा जा रहे थे. रास्ते में स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई.
इस हादसे में तीनों लोग घायल हो गए, उन्हें पहले वेलांगरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार तीनों के सिर में चोटें आई हैं.
जालोर के सियाणा में भैंस से टकराई बाइक
दूसरी घटना जालोर जिले के सियाणा गांव की है. यहां राजकुमार नाम का युवक बाइक से जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक एक भैंस सामने आ गई. इससे बाइक टकरा गई और वह सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसट गया.
इस हादसे में उसे सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. उसे भी इलाज के लिए सिरोही अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें – केरल में अब वीडी सतीशन का चलेगा राज, शपथ लेकर सीएम पद की कुर्सी पर हुए काबिज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









