Falta Assembly Seat : पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर आज दोबारा मतदान कराया जा रहा है. इससे पहले 29 अप्रैल को यहां वोटिंग हुई थी, लेकिन चुनाव आयोग को कई शिकायतें मिलने के बाद 2 मई को उस चुनाव को रद्द कर दिया गया था. अब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर फिर से वोट डाले जा रहे हैं. इस सीट पर 2.35 लाख से अधिक मतदाता हैं और कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. हालांकि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से हटने का ऐलान किया है, लेकिन ईवीएम में उनका नाम पहले से दर्ज होने के कारण मतदान प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा.
इस बार चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है. हर मतदान केंद्र पर पैरामिलिट्री के आठ जवान तैनात किए गए हैं, जबकि पिछली बार चार जवान मौजूद थे. बीते मतदान के दौरान कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने से रोका गया था. इसी को देखते हुए आयोग ने इस बार 30 क्विक रिस्पॉंस टीमें बनाई हैं, ताकि शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा सके.
कई जगहों पर इत्र डालने का आरोप
पिछले मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप भी सामने आए थे. कुछ वीडियो में उम्मीदवारों के नाम के आगे टेप लगाए जाने और कई जगहों पर इत्र डालने जैसी शिकायतें मिली थीं. इन घटनाओं के बाद चुनाव आयोग ने 2 मई को फलता सीट का चुनाव रद्द करने का फैसला लिया था.
छह उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
फलता विधानसभा सीट पर आज 2.36 लाख से अधिक मतदाता छह उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. मतदान केंद्रों पर ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है. इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के देवांशु पांडा, टीएमसी के जहांगीर खान, कांग्रेस के अब्दुल रजाक मोल्ला और सीपीआईएम के शंभू नाथ कुर्मी के बीच माना जा रहा है.
दो चरणों में हुआ था बंगाल विधानसभा चुनाव
मतदाता आंकड़ों के अनुसार, फलता सीट पर करीब 1.21 लाख पुरुष और 1.15 लाख महिला मतदाता हैं. पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में 294 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया गया था. हालांकि फलता सीट का चुनाव रद्द होने के कारण 4 मई को केवल 293 सीटों के नतीजे घोषित किए गए थे. अब इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया जा रहा है, जबकि परिणाम 24 मई को घोषित किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें- Sasaram Train Fire : सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









