Summer Vacations : हरियाणा में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के चलते नायब सिंह सैनी सरकार ने राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है. इस बार स्कूलों की छुट्टियां 25 मई से शुरू होकर 30 जून तक रहेंगी. आमतौर पर प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 जून से शुरू होता है, लेकिन तेज गर्मी को देखते हुए सरकार ने इस बार पहले ही स्कूल बंद करने का फैसला लिया है.
राज्य में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है. भीषण गर्मी की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इससे पहले वर्ष 2024 में भी तेज गर्मी और लू के कारण सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां 28 मई से 30 जून तक घोषित की थीं. इस बार भी आदेश सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगा.
23 मई तक स्कूलों में पढ़ाई जारी
फिलहाल 23 मई तक स्कूलों में पढ़ाई जारी रहेगी. हालांकि, गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. अब कक्षाएं सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जा रही हैं. 23 मई के बाद स्कूल जून के अंत तक बंद रहेंगे.
पंजाब-हरियाणा में गर्मी का प्रकोप जारी
पंजाब और हरियाणा में पिछले कई दिनों से गर्मी का प्रकोप लगातार बना हुआ है. गुरुवार को भी कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया. हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा.
इसके अलावा रोहतक में पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबाला में तापमान 44.2 डिग्री, हिसार में 44.3 डिग्री और करनाल में 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं, भिवानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा, जबकि गुरुग्राम में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









