Uttar Pradesh : प्रयागराज के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक हिस्ट्रीशीटर, सक्षम पांडा (35), की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने उसे फोन कर घर से लगभग 100 मीटर दूर बुलाया और बातचीत की। उसके बाद, जब सक्षम अपने घर की सीढ़ियों पर खड़ा था, तभी दोनों हमलावर स्कूटी से वहां पहुंचे। पीछे बैठे हमलावर ने अचानक तमंचा निकालकर उसे गोली मारी।
हमलावर डरकर फरार हो गए
पहली गोली लगते ही सक्षम गली की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। लगभग 50 मीटर आगे जाकर उन्होंने दूसरी गोली चलाई, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ तीन और गोलियां दागीं। गोलीबारी की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जिससे हमलावर डरकर फरार हो गए। सक्षम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
बातचीत के दौरान झगड़ा बढ़ा और गोली चली
पुलिस ने एक आरोपी, भोले पंजाबी, को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से एक दिन पहले सक्षम ने उसकी पूजा-पाठ की गुमटी में आग लगा दी थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुरुवार सुबह उसने सक्षम को बातचीत के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान झगड़ा बढ़ा और गोली चल गई।
पीछा करते हुए मारी दूसरी गोली
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि सक्षम सीढ़ियों पर खड़ा है और पीछे से आए हमलावर स्कूटी से पास आते ही उसे गोली मार देते हैं। गोली लगने के बाद वह भागता है, लेकिन हमलावर उसका पीछा करते हैं और दूसरी गोली मारते हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सक्षम पांडा मालवीय नगर का निवासी था और घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था। उसकी मां ने बताया कि बुधवार रात उन्होंने परिवार के साथ खाना खाया और उसके बाद सक्षम सोने चला गया। गुरुवार सुबह किसी का फोन आने के बाद वह घर से बाहर गया और कुछ ही देर में उसकी हत्या की खबर मिली। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- नशा और हथियार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े दो भाई 5.5 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौलों सहित गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









