Weather Update : देश के कई हिस्सों में गर्मी लगातार बढ़ रही है. उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है. दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में गर्मी का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश और पश्चिमी व मध्य भारत के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बन रहे हैं.
पिछले 24 घंटों के दौरान विदर्भ, मराठवाड़ा और ओडिशा में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. वहीं गुजरात, तेलंगाना, रायलसीमा, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. महाराष्ट्र के अकोला में सबसे अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा.
कई राज्यों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि 15 से 18 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. वहीं मध्य भारत में इसी अवधि के दौरान 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों जैसे नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
मौसम विभाग ने 15 से 19 अप्रैल के बीच कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. इनमें मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिमी राजस्थान, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, उत्तरी कर्नाटक, गुजरात के तटीय क्षेत्र, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश शामिल हैं.
दिल्ली-NCR में बढ़ी गर्मी
दिल्ली-NCR में भी गर्मी बढ़ने लगी है. यहां अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दोपहर के समय लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट
दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश होने कि संभावना है. 15 से 17 अप्रैल के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं 15 से 18 अप्रैल के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.









