Crime News : धुले तालुका के महिंदले गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी न होने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि एक रिक्शा चालक ने अपनी ही बुजुर्ग मां पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतका की पहचान जिजाबाई भटू खैरनार-पाटील के रूप में हुई है.
इस मामले में धुले तालुका पुलिस ने 45 वर्षीय प्रदीप उर्फ दगडू भटू खैरनार-पाटील को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार आरोपी को यह शक था कि उसकी मां उसकी शादी नहीं करा रही थीं, जिसे लेकर उसके मन में लंबे समय से नाराजगी और गुस्सा पनप रहा था.
घटना वाली रात आंगन में बेटे का इंतजार
बताया जाता है कि घटना वाली रात जिजाबाई अपने घर के आंगन में बेटे का इंतजार कर रही थीं. देर रात करीब डेढ़ बजे प्रदीप शराब के नशे में घर पहुंचा और आते ही मां से इसी बात को लेकर विवाद करने लगा. विवाद बढ़ने पर आरोप है कि उसने ज्वलनशील पदार्थ डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है. इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
इस घटना के बाद महिंदले गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने इस दर्दनाक वारदात पर गहरा दुख व्यक्त किया है. बताया जा रहा है कि मृतका जिजाबाई शांत और सरल स्वभाव की महिला थीं. मामले की जांच पुलिस द्वारा जारी है.
ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









