Bihar News : बिहार- AI समिट के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया है, उन्होंने पटना में लगे सीसीटीवी कैमरों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में 4 हजार से अधिक कैमरे लगे हैं, उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर एआई से कह दिया जाए कि “हरा गमछा” वालों को खोजो तो वह तुरंत सभी हरे गमछा पहनने वालों को पकड़ सकता है. हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनका इशारा किसी खास व्यक्ति या समूह की ओर नहीं था और यह बात उन्होंने मजाकिया अंदाज में कही थी. इस बयान को लेकर कहा जा रहा है कि उनका अप्रत्यक्ष इशारा विपक्षी पार्टी आरजेडी की तरफ था, क्योंकि आरजेडी के नेता और कार्यकर्ता हरे गमछे का इस्तेमाल करते हैं.
जाति को लेकर सीएम का बयान
सीएम ने आगे कहा कि उनके लिए किसी अपराधी की कोई जाति नहीं है, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुलिस अब अपराधी की जाति देखकर गोली मारेगी. बिहार में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए पुलिस ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ चला रही है, जिसके तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. वहीं आरजेडी इस कार्रवाई पर सवाल उठा रही है और आरोप लगा रही है कि जाति देखकर एनकाउंटर हो रहा है और यादव समाज को निशाना बनाया जा रहा है.
आरजेडी प्रवक्ता की प्रतिक्रिया
सीएम के हरे गमछे वाले बयान पर आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सीएम को ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, उन्होंने यह भी कहा कि सम्राट चौधरी आरजेडी की पाठशाला से ही निकले हैं. हरा रंग खुशहाली और गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत करने का आधार है.
बिहार AI समिट का शुभारंभ
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को ऊर्जा स्टेडियम में ‘बिहार AI समिट-2026’ का शुभारंभ किया था. इस अवसर पर उन्होंने बिहार को एआई हब बनाने पर जोर दिया और कहा कि एआई जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहा है, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हुई संचार क्रांति का जिक्र किया और कहा कि इस दौर में एआई की अहम भूमिका होगी, उन्होंने सभी विभागों से एआई का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील भी की.
ये भी पढ़ें – दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश, केंद्र ने लिया बड़ा फैसला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








