Rajasthan News : राजस्थान के दौसा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे-21 पर रेटा गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कई बार पलटने के बाद सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हादसा
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी युवक मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क पर कई बार पलटी खाते हुए करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
लुढ़कते हुए खाई में पहुंची स्कॉर्पियो
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पलटने के दौरान वाहन का दरवाजा खुल गया, जिससे दो युवक बाहर जा गिरे। वहीं स्कॉर्पियो भी लुढ़कते हुए खाई में पहुंच गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों की सहायता से पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 22 वर्षीय राजपाल की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल करण सिंह को बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के नए DGP बने IPS राजीव कृष्ण, राज्य को मिला स्थायी पुलिस मुखिया, जून 2029 तक रहेगा कार्यकाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









