Haryana News : हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 28 जून को पानीपत से नई इलेक्ट्रिक बस सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए कुल 80 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिनमें से 40 बसें केवल पानीपत डिपो से संचालित होंगी।
एयर-कंडीशनिंग की मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले, डीएसपी सुरेश सैनी और रोडवेज डिपो के अधिकारी बस डिपो का निरीक्षण कर चुके हैं। नई बस सेवाओं के संचालन से यात्रियों को गर्मी में एयर-कंडीशनिंग की सुविधा मिलेगी और ग्रामीण इलाकों के लोगों तथा हजारों छात्रों को भी इसका लाभ पहुंचेगा।
इन शहरों में बसों का परिचालन शुरू
जेबीएम कंपनी के इंजीनियर प्रतीक के अनुसार, 28 जून से हरियाणा के विभिन्न शहरों जैसे पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, करनाल और रोहतक में 80 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होगा। इन बसों की दूरी मौसम और एसी उपयोग पर निर्भर करेगी, लेकिन एक बार पूर्ण चार्ज होने पर यह लगभग 150 किलोमीटर तक चल सकती हैं। इसमें री-जनरेशन फीचर भी दिया गया है, जो ढलान वाले रास्तों पर बैटरी को दोबारा चार्ज करने में मदद करेगा।
अतिरिक्त रूटों पर भी चलाई जाएंगी बसें
पानीपत रोडवेज डिपो के ट्रैफिक मैनेजर जयवीर सिंह ने बताया कि डिपो में कुल 45 इलेक्ट्रिक बसें हैं, जिनमें से 5 पहले से परिचालन में हैं। नए बसों का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। ये बसें सिंघु बॉर्डर, सोनीपत, गोहाना, सफीदों, करनाल, शामली, बापौली और बबैल सहित विभिन्न रूटों पर चलेंगी। यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार अतिरिक्त रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी। किराया सामान्य एसी बसों के बराबर रखा गया है, और फ्रीक्वेंसी यात्रियों की जरूरत के अनुसार तय होगी।
सुविधा विशेष रूप से मददगार
कॉलेज छात्रा वर्षा ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से छात्रों को गर्मी में सफर करने में आसानी होगी। दूरदराज के गांवों से आने वाले छात्रों को यह सुविधा विशेष रूप से मददगार साबित होगी, जिससे उनका सफर आरामदायक और सुरक्षित होगा। इस प्रकार, हरियाणा में इलेक्ट्रिक बस सेवा से न केवल पर्यावरण को लाभ होगा, बल्कि यात्रियों और छात्रों की सुविधा और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें- नोएडा में 28 से 30 मई तक धारा 163 लागू, भीड़-इकट्ठा करना और प्रदर्शन करना होगा प्रतिबंधित
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









