
Delhi Gymkhana Club : केंद्र सरकार ने लुटियंस दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित Delhi Gymkhana Club को 5 जून तक परिसर खाली करने का आदेश दिया है। भूमि एवं विकास कार्यालय (एलएंडडीओ) ने स्पष्ट किया है कि यह जमीन तत्काल संस्थागत जरूरतों, प्रशासनिक ढांचे और जनहित परियोजनाओं के लिए आवश्यक है।
लीज डीड समाप्त कर री-एंट्री का आदेश
आदेश में कहा गया है कि लीज डीड की धारा-4 के तहत भारत के राष्ट्रपति की ओर से क्लब की लीज समाप्त की जाती है। साथ ही परिसर पर तत्काल प्रभाव से “री-एंट्री” का निर्देश दिया गया है, जिससे सरकार जमीन पर दोबारा कब्जा ले सके।
5 जून को लिया जाएगा कब्जा
सरकारी निर्देश के अनुसार, 5 जून को एलएंडडीओ के अधिकारी परिसर का औपचारिक कब्जा लेंगे। क्लब प्रबंधन को शांतिपूर्ण तरीके से परिसर सौंपने को कहा गया है। आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि अनुपालन न करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित हाई-सिक्योरिटी जोन
यह क्लब लुटियंस दिल्ली के संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है और लोक कल्याण मार्ग पर स्थित प्रधानमंत्री आवास के बेहद करीब है। आसपास कई महत्वपूर्ण सरकारी और रक्षा प्रतिष्ठान मौजूद हैं, जिसके कारण इसे उच्च सुरक्षा क्षेत्र माना जाता है।
ब्रिटिश काल से जुड़ा ऐतिहासिक क्लब
दिल्ली जिमखाना क्लब की स्थापना वर्ष 1913 में ब्रिटिश काल के दौरान ‘इम्पीरियल दिल्ली जिमखाना क्लब’ के नाम से हुई थी। स्वतंत्रता के बाद इसका नाम बदलकर वर्तमान रूप दिया गया। क्लब की मौजूदा संरचनाएं 1930 के दशक में विकसित की गई थीं।
ये भी पढ़ें – दो पैन कार्ड मामले में आजम खां और बेटे की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









