
Maharashtra Crime News : महाराष्ट्र में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी ने चिंता बढ़ा दी है. नासिक और कल्याण से सामने आई दो अलग-अलग वारदातों ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक मामले में पारिवारिक विवाद के बीच समझाने पहुंची महिला की जान ले ली गई, जबकि दूसरे मामले में एक कंपनी सुपरवाइजर पर घात लगाकर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. दोनों घटनाओं के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है, वहीं लोग पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल दोनों मामलों की जांच अलग-अलग टीमों द्वारा की जा रही है.
पारिवारिक विवाद में महिला की हत्या
नासिक जिले के देवला तालुका के भऊर फाटा क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोपी श्याम माली और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव और झगड़े की स्थिति बनी हुई थी. इसी विवाद को शांत कराने के इरादे से मृतका छाया जाधव अपने परिवार पति, मां और भाई के साथ मौके पर पहुंची थीं.
देवला पुलिस कर रही मामले की जांच
बताया जाता है कि बातचीत के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया और आरोपी ने गुस्से में आकर छाया जाधव पर चाकू से सीने में वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हमले के दौरान छाया के भाई पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया.
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन स्थानीय लोगों और सरपंच की मदद से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. देवला पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
कल्याण में सुपरवाइजर की हत्या
वहीं, दूसरी घटना कल्याण के पास मारल गांव स्थित मलखन कंपाउंड इलाके की है, जहां एक 36 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई. मृतक रवींद्र अहिरे एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे.
युवक की मौके पर ही मौत हो गई
जानकारी के अनुसार, वह रात के समय अपनी मां को अस्पताल से घर छोड़ने के बाद किसी काम से बाहर निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया. टिटवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ें – अब बच्चों की शिक्षा पर हावी नहीं होगी आर्थिक मजबूरी, योगी सरकार ने उठाया बड़ा कदम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









