Punjab

भगवंत मान सरकार के लिए कृषि सबसे प्राथमिक क्षेत्र, धान सीजन से पहले किसानों हेतु बिजली संबंधी सभी प्रबंध पूरे- तरुनप्रीत सिंह सौंद

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आज बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) द्वारा आगामी धान बुवाई सीजन के दौरान किसानों को निर्बाध 8 घंटे बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने आगे कहा, “राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और धान सीजन के दौरान किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पीएसपीसीएल राज्य में कृषि हेतु जारी प्रत्येक मोटर कनेक्शन को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेगा, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के धान की रोपाई सुचारू रूप से कर सकें।

अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ की समर्पित टीमें

उन्होंने कहा, “पंजाब के मेहनती किसान देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण समय के दौरान उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री ने आगे कहा, “बिजली वितरण प्रणाली की निरंतर निगरानी के लिए पूरे राज्य में पीएसपीसीएल के अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ की समर्पित टीमें तैनात की गई हैं।

किसानों की शिकायतों का तुरंत समाधान

फील्ड अधिकारियों को 24 घंटे उपलब्ध रहने तथा किसी भी प्रकार की खराबी, ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं और अन्य तकनीकी दोषों का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने आगे कहा, “धान रोपाई के दौरान किसानों की शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के लिए समर्पित कंट्रोल रूम तथा शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत किया गया है।

आवश्यक रखरखाव संबंधी कार्य पूरे

तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा, “पीएसपीसीएल ने पहले ही ट्रांसमिशन लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा अन्य बिजली ढांचे के आवश्यक रखरखाव संबंधी कार्य पूरे कर लिए हैं ताकि मांग के इस सीजन के दौरान अनावश्यक बाधाओं से बचा जा सके।

कृषि क्षेत्र मान सरकार की प्रमुख प्राथमिकता

बिजली मंत्री ने आगे कहा, “पंजाब सरकार राज्य में बिजली ढांचे को और मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा सभी क्षेत्रों, विशेषकर कृषि क्षेत्र को आवश्यक बिजली उपलब्ध करवाना भगवंत मान सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है।

किसान भाईचारे के हितों की रक्षा

किसानों से बिजली का समझदारी से उपयोग करने और पीएसपीसीएल द्वारा जारी शेड्यूल का पालन करने की अपील करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया, “राज्य सरकार किसान भाईचारे के हितों की रक्षा और पूरे पंजाब में धान सीजन को सफल एवं सुचारू बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

विभिन्न जिलों के लिए सीजन संबंधी शेड्यूल जारी

बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न जिलों के लिए धान सीजन संबंधी जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार 8 घंटे बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। यह समय-सारणी 1 जून से गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब और होशियारपुर जिलों में लागू होगी, जबकि 5 जून से फरीदकोट, बठिंडा, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जिलों में लागू की जाएगी। इसके अतिरिक्त 9 जून से लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, कपूरथला, जालंधर और एसबीएस नगर जिलों में प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी।

ये भी पढ़ें- सीमा पार से नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार आरोपी 28.12 किलो हेरोइन और 9.5 लाख ड्रग मनी समेत गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button