Punjab

सीमा पार से नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार आरोपी 28.12 किलो हेरोइन और 9.5 लाख ड्रग मनी समेत गिरफ्तार

Punjab Police : पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए जारी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने चार आरोपियों को 28.12 किलोग्राम हेरोइन और 9.5 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार कर सीमा पार से संचालित नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार जब्त

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बगीचा सिंह और भूपिंदर सिंह निवासी गांव बोगी वाला, गुरु हर सहाय; साजन निवासी गांव अराइयां वाला; तथा छिंदरपाल सिंह उर्फ रिंकू निवासी लखा सिंह वाला, फिरोजपुर के रूप में हुई है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीम ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल वे नशा तस्करी के लिए कर रहे थे।

विदेशी तस्करों और हैंडलरों से कनेक्शन

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस मॉड्यूल के विदेशी तस्करों और हैंडलरों से संबंध थे, जिन्होंने कथित तौर पर गिरफ्तार आरोपियों को भारतीय क्षेत्र के भीतर नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त कर उसे आगे वितरित करने का काम सौंपा था।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के लिंक का पता लगाने के लिए आगे जांच की जा रही है ताकि सीमा पार से संचालित पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का सफाया किया जा सके। एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध बगीचा सिंह, भूपिंदर सिंह, साजन और छिंदर पाल उर्फ रिंकू द्वारा कुछ दिन पहले सीमा पार से हेरोइन की खेप प्राप्त किए जाने संबंधी विश्वसनीय सूचना मिली थी।

आरोपियों की घेराबंदी कर काबू में किया

जानकारी में आगे पता चला कि अपने हैंडलरों के निर्देशों पर उक्त संदिग्ध यह खेप आगे किसी अन्य पक्ष को पहुंचाने जा रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गुरु हर सहाय क्षेत्र में आरोपियों को घेर लिया और उनके कब्जे से 28.12 किलोग्राम हेरोइन तथा 9.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद कर ली।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

एआईजी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को उनके हैंडलरों द्वारा मोटी रकम देने का वादा किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत थाना एसएसओसी फाजिल्का में एफआईआर नंबर 13 दिनांक 23.05.2026 दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर देशवासियों को दे रही धीमा जहर- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button