Uttar Pradeshक्राइमराज्य

DU की छात्रा से यूपी में चार दिन तक सामूहिक दुष्कर्म, भरोसा ही बना हादसे की वजह

Lucknow Rape Case : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद ही शर्मनाक खबर सामने आई है। यहां एक दोस्त महिला दोस्त को धोखे से फ्लैट पर ले गया और वहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने अपने साथियों से भी युवती का चीर हरण करवाया। आरोपियों का ये सिलसिला चार दिन तक चलता रहा है और फिर उसे ट्रेन में बिठाकर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया। दिल्ली पहुंचने के बाद पीड़िता ने थाने में मामला दर्ज कराया। जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद अब मामले की जांच लखनऊ पुलिस को सौंप दी गई है।

परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने जा रही थी छात्रा

पीड़िता दिल्ली विश्वविद्यालय के एक कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रही है। कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण वह 1 मई को जौनपुर स्थित अपने घर आई हुई थी। 15 मई को वह अपनी परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने के लिए सुहेलदेव एक्सप्रेस से वापस दिल्ली लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में जौनपुर के जलालपुर (बहरीपुर) निवासी उसके पुराने दोस्त शिवम यादव ने उसे मैसेज किया और लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर मिलने की बात कही।

स्टेशन से फ्लैट पर ले जाकर पिलाया नशीला पदार्थ

जब ट्रेन चारबाग स्टेशन पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद शिवम यादव और उसके साथी सनी यादव ने छात्रा को ट्रेन से नीचे उतार लिया। दोनों बहला-फुसलाकर उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित एक फ्लैट पर ले गए। आरोप है कि वहां शिवम ने कोल्ड कॉफी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर छात्रा को पिला दिया, जिसके बाद उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन 16 मई को सनी यादव ने भी उसके साथ गलत काम किया, जिससे छात्रा की तबीयत बेहद खराब हो गई।

चार दिन तक बंधक बनाकर किया कृत्य

हैवानियत का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। 17 मई को शिवम का एक तीसरा दोस्त भी उस फ्लैट पर पहुंच गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी जब भी फ्लैट से बाहर जाते, तो दरवाजा बाहर से बंद कर देते थे। पीड़िता को चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

बरेली पहुंचकर पिता को दी जानकारी, दिल्ली में दर्ज हुआ केस

18 मई को आरोपियों ने छात्रा को दोबारा चारबाग स्टेशन ले जाकर सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठा दिया और खुद फरार हो गए। ट्रेन जब बरेली पहुंची, तो बदहवास छात्रा ने किसी तरह अपने पिता को फोन कर इस पूरी आपबीती की जानकारी दी। इसके बाद 20 मई को पीड़िता ने दिल्ली के आनंद विहार थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई।

लखनऊ ट्रांसफर हुआ केस, आरोपियों की तलाश में टीमें रवाना

चूंकि घटनास्थल लखनऊ का सुशांत गोल्फ सिटी इलाका था, इसलिए दिल्ली पुलिस ने मामले को 22 मई को लखनऊ स्थानांतरित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन एक्टिव मोड में आ गया है। एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

ये भी पढ़ें – नौतपा में ग्रहों का असर, जानिए सभी राशियों का आज का हाल और खास उपाय

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button