Karnataka News : कर्नाटक के मंड्या जिले के मलवल्ली तालुक स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुत्तथी के पास कावेरी नदी में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान चैत्रा, प्रियंका, श्वेता, विजयम्मा और महेश के रूप में हुई है. सभी चन्नपट्टना के ब्यादरहल्ली क्षेत्र के निवासी थे.
जानकारी के अनुसार, परिवार प्रसिद्ध मुत्तथीराया मंदिर में दर्शन के लिए गया था. मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद सभी लोग कावेरी नदी के किनारे पहुंचे. इसी दौरान परिवार के कुछ सदस्य तस्वीरें लेने के लिए नदी में उतर गए.
पांच लोग नदी में बह गए
पुलिस के मुताबिक, हादसे की शुरुआत तब हुई जब विजयाम्मा नदी के गहरे हिस्से में पहुंचकर फिसल गईं और डूबने लगीं, उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य सदस्य भी पानी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव के कारण वे भी नदी में बह गए.
घटना की सूचना मिलते ही हलागुरु पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. फायर एंड रेस्क्यू विभाग ने तत्काल खोज अभियान चलाया और कुछ समय बाद सभी पांचों शव बरामद कर लिए.
हलागुरु पुलिस स्टेशन में केस दर्ज
मंड्या की पुलिस अधीक्षक डॉ. वी.जे. शोभारानी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंड्या इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (MIMS) अस्पताल भेज दिया गया है. मामले में हलागुरु पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधिकारी शोभारानी के अनुसार, परिवार की चार महिलाएं तस्वीरें लेने के लिए नदी में उतरी थीं, उन्हें लगा कि पानी ज्यादा गहरा नहीं है, लेकिन वे धीरे-धीरे आगे बढ़ती चली गईं. इस दौरान वहां मौजूद होम गार्ड्स ने उन्हें सावधान भी किया था, लेकिन उन्होंने चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया.
परिवार के सदस्य रवि ने उन्हें बचाने की कोशिश की, हालांकि स्थानीय लोगों ने रवि को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. परिवार के साथ मौजूद चार वर्षीय बच्चा भी इस हादसे में सुरक्षित बच गया.
ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








