Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज, मानसून से पहले बढ़ेगी गर्मी और उमस

Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में मंगलवार (23 जून) को मौसम ने अचानक करवट ली. कई इलाकों में तेज धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद आंधी-तूफान और हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हुआ. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली.

वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-49 समेत आसपास के क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई. तेज हवाओं के कारण कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ. वहीं, इसका असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर उड़ानों के संचालन पर भी देखने को मिला.

तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा. इस दौरान हवा में नमी का स्तर 73 प्रतिशत तक पहुंच गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस, रिज में 40.0 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

बीते 24 घंटों में दिल्ली के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई. इससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली. इस दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ.

कई इलाकों में तेज झोंकों का असर

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान पश्चिमी हवाओं की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही. वहीं, तेज झोंकों के साथ पालम में दोपहर 2:28 बजे हवा की गति 91 किलोमीटर प्रति घंटा और सफदरजंग में दोपहर 2:40 बजे 56 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई.

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार (24 जून) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर या शाम के समय गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

न्यूनतम तापमान में भी होगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग ने 25 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है.

IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले 4-5 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.

बिहार और उत्तर प्रदेश में पहुंच सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. अगले 2-3 दिनों में मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों के साथ मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है. इसके बाद अगले 3-4 दिनों में झारखंड, बिहार के बाकी हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मानसून की दस्तक हो सकती है.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button