Punjab News : पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव सौंढा में पंजाब सरकार द्वारा नहरी सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कराए गए महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के किसानों को अधिक से अधिक नहरी पानी उपलब्ध कराकर भूजल संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही है.
फतेहगढ़ साहिब में विकास कार्य पूरे
कैबिनेट मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र में सैदपुरा माइनर, राजिंदरगढ़ माइनर तथा 1-एल रजबाहा को कुल 33.68 किलोमीटर तक पक्का करने तथा 23.05 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइन बिछाने सहित विभिन्न परियोजनाओं पर 30.71 करोड़ रुपये की लागत आई है.
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा गांव सानीपुर, बाड़ा, छलेड़ी कलां, सैफलपुर, मोहम्मदीपुर, आदमपुर, बीबीपुर और सराना के किसानों को नहरी पानी उपलब्ध कराने के लिए 3.75 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जा रही है. इस परियोजना के पूरा होने पर 2332 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा.
सिंचाई लागत कम होगी
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय राज्य में केवल 26 प्रतिशत नहरी पानी ही खेतों तक पहुंचता था, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार ने 7,500 करोड़ रुपये खर्च कर इस व्यवस्था को सुदृढ़ किया है और अब 86 प्रतिशत पानी राज्य के गांवों तक पहुंचाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक खेत तक नहरी पानी पहुंचाना है और इस दिशा में बड़े पैमाने पर कार्य जारी है. बहुत जल्द हर गांव तक नहरी पानी पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा, उन्होंने कहा कि नहरी नेटवर्क को मजबूत करने से किसानों की सिंचाई लागत कम होगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए भूजल का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा.
किसानों के लिए बड़ी सौगात
इस अवसर पर फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में नहरी सिंचाई को मजबूत करने के लिए कराए गए ये विकास कार्य किसानों के लिए वरदान सिद्ध होंगे, उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही नहरी पानी की मांग को पंजाब सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है.
ये भी पढ़ें- विजिलेंस इन एक्शन मोड, 8 लाख रुपये रिश्वत के आरोप में एसडीओ गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









