Other Statesराज्य

17 करोड़ के महल में होनी थी शादी, बेटे की मौत पर पिता बोले- ‘मना कर देती, जान क्यों ली?’

Ketan Siya Case : इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद अब महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस जांच के बाद शादी से पहले होने वाले पति की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है. फर्क सिर्फ इतना है कि इंदौर मामले में शादी के बाद पति की हत्या का आरोप लगा था, जबकि पुणे में मंगेतर की हत्या का मामला सामने आया है.

पुणे के रहने वाले 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान खाई में गिरने से मौत बताई गई थी. शुरुआत में इसे एक हादसा माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले, जिससे मामला हत्या की ओर मुड़ गया.

लोहगढ़ ट्रेक पर हुआ हादसा

केतन की सगाई सिया गोयल से हो चुकी थी और दोनों की इसी साल शादी होने वाली थी. शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार ने जयपुर में शादी के लिए महल भी बुक किया था. इसके अलावा दोनों का बाली जाने का प्लान था, जहां प्री-वेडिंग फोटोशूट होना था, लेकिन पासपोर्ट गायब होने के कारण यह योजना रद्द हो गई.

पुलिस के मुताबिक, 18 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया के साथ लोहगढ़ ट्रेक पर गया था. वहां सिया ने बताया कि फोटो लेते समय केतन का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया. इस घटना के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट भी की थी.

CCTV फुटेज से खुला हत्या की साजिश का राज

हालांकि जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों से शक हुआ. फुटेज में एक युवक हुडी पहनकर दोनों का पीछा करता नजर आया. जांच में उसकी पहचान सिया के कथित प्रेमी चेतन चौधरी के रूप में हुई.

पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची थी और घटना को हादसे की तरह दिखाने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, दोनों ने पहले भी केतन को लोहगढ़ ले जाकर हत्या की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सके थे.

शादी से इनकार करना चाहती थी सिया

पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर बताया कि वह शादी नहीं करना चाहती थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

केतन के पिता ने कहा कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह मना कर सकती थी, लेकिन बेटे की जान लेना बेहद क्रूर कदम था. केतन उद्योगपति विशाल अग्रवाल के बेटे थे और परिवार के रियल एस्टेट बिजनेस से जुड़े हुए थे. वह सक्सेस ग्रुप में डायरेक्टर और CMO के पद पर काम कर रहे थे.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button