Other States

भिवंडी में 4 मंजिला इमारत ढहने से 9 लोगों की मौत, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

Bhiwandi Building Collapse : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है.

नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम मौके पर लगातार बचाव अभियान चला रही है. मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है. घटनास्थल पर एम्बुलेंस, जेसीबी मशीन और अन्य राहत उपकरण तैनात किए गए हैं. NDRF ने बताया कि अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं. बचाव अभियान के दौरान एक असिस्टेंट कमांडेंट भी घायल हो गए हैं.

‘कोहिनूर बिल्डिंग’ का हिस्सा हुआ था ध्वस्त

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, यह हादसा गुरुवार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच भिवंडी के नारपोली इलाके स्थित बालाजी नगर की ‘कोहिनूर बिल्डिंग’ में हुआ. ग्राउंड प्लस चार मंजिला इस इमारत में कुल 48 कमरे थे और हर मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे. इमारत के ‘बी विंग’ का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया.

पहले ही घोषित हो चुकी थी खतरनाक

ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन सेल के मुताबिक, इस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका था. इसके बावजूद कई परिवार यहां रह रहे थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 8 से 9 बजे के बीच इमारत से चटकने की आवाजें आने लगी थीं. इसके बाद कई परिवारों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कुछ लोग अंदर ही फंस गए.

हादसे की सूचना मिलते ही NDRF, भिवंडी फायर ब्रिगेड, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया. मलबे में दबे लोगों की तलाश अभी भी जारी है.

ये भी पढ़ें- अजिंक्य रहाणे ने लिया संन्यास, लेकिन कप्तानी का ये रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button