Assam Flood News : असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है. बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5.64 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं. सबसे ज्यादा 13 मौतें सिवसागर जिले में दर्ज की गई हैं. इसके अलावा चारैदेओ में 5, गोलाघाट में 2 और जोरहाट में 1 व्यक्ति की जान गई है. इस साल बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 31 हो गई है.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि वह बुधवार से सबसे अधिक प्रभावित जिलों का दौरा करेंगे, उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि बादल फटने के कारण आई बाढ़ से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है. मुख्यमंत्री चारैदेओ, नजीरा, सिवसागर, सोनारी, जोरहाट और टेक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे.
872 गांव अब भी पानी में डूबे
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार गोलाघाट, कामरूप, होजाई, डिब्रूगढ़, बिश्वनाथ, धेमाजी, सोनितपुर, उदलगुड़ी, नागांव, चारैदेओ, जोरहाट, तिनसुकिया, करबी आंगलोंग, लखीमपुर और सिवसागर सहित 16 जिलों के 5,64,600 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. राज्य के 44 राजस्व सर्किलों के 872 गांव अभी भी जलमग्न हैं. इनमें सबसे ज्यादा 3,59,535 प्रभावित लोग अकेले सिवसागर जिले में हैं.
राहत और बचाव अभियान लगातार जारी
बाढ़ प्रभावित इलाकों में भारतीय वायुसेना, NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. राज्यभर में बनाए गए 71 राहत शिविरों में 12,284 लोग शरण लिए हुए हैं.
बाढ़ का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है. रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण लगातार दूसरे दिन भी ट्रेन संचालन प्रभावित रहा. नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और कुछ ट्रेनों के मार्ग को छोटा किया है. सिवसागर, चारैदेओ और जोरहाट जिलों में मोबाइल संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 जुलाई तक इंट्रा-सर्किल रोमिंग सुविधा शुरू की गई है. बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ा, हमलों में 100 अमेरिकी सैनिक घायल, कई देशों में बढ़ी चिंता, अमेरिका ने किए 9 शहरों पर हमले
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







