Jantar Mantar Protest : दिल्ली के जंतर-मंतर से कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च के बीच राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच कई बार झड़प की स्थिति बनी, जिसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया. वहीं, संसद और आसपास के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं.
जानकारी के मुताबिक, राजीव चौक, जंतर-मंतर, नई दिल्ली, पटेल चौक, मंडी हाउस और संसद परिसर के आसपास करीब पांच किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हुई हैं. कई लोगों ने शिकायत की है कि उन्हें ऑनलाइन संदेश भेजने और इंटरनेट का उपयोग करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बताया जा रहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचने पर कुछ मोबाइल फोन उपयोगकर्ताओं को यह संदेश भी प्राप्त हो रहा है कि सरकारी आदेश के तहत इस इलाके में इंटरनेट सेवा बंद की गई है. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
संसद के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जैसे-जैसे विरोध मार्च में प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ रही है, संसद परिसर के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है. संसद के विशाल लोहे के गेट बंद कर दिए गए हैं और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दमकल वाहन तथा पानी की आपूर्ति करने वाले वाहन रणनीतिक स्थानों पर तैनात किए गए हैं.
इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होने को लेकर कई वामपंथी छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने सत्ता पक्ष पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि प्रदर्शन से जुड़ी सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है. हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति मांगी
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार को सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल अधीक्षक को पत्र लिखकर कुछ समय के लिए अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति मांगी, उन्होंने कहा कि वह स्वयं को पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं और उनके सभी स्वास्थ्य संबंधी मानक सामान्य हैं.
अपने हस्तलिखित पत्र में उन्होंने लिखा, “मैं पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहा हूं और मेरे स्वास्थ्य संबंधी सभी मानक सामान्य हैं. कृपया मुझे कुछ समय के लिए अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दें, ताकि मैं आज ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल हो सकूं.”
वांगचुक की टीम ने उनके एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर यह पत्र साझा करते हुए कहा कि वह संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल होने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









