Other States

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर, पुंछ में बाढ़ और भूस्खलन से बड़ा नुकसान

Jammu Kashmir Rain : जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जिलों में हालात गंभीर हो गए हैं. पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है. शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

पुंछ जिले में पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ के कारण दो दुकानें, एक आटा चक्की और एक वाहन सर्विस स्टेशन बह गया. इसके साथ ही कई वाहन भी बाढ़ के पानी में बह गए हैं.

मकान गिरने से हुईं मौतें

सुरनकोट तहसील के संगलेयानी गांव में एक मकान गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि आठ लोग उसके मलबे में फंस गए. वहीं, नूना बांडी गांव में मकान ढहने से एक महिला की जान चली गई और तीन लोग घायल हो गए हैं. प्रशासन की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, सुरनकोट क्षेत्र में नौ लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल हैं. इसके अलावा हवेली क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है.

कई घर क्षतिग्रस्त, सड़कें बंद

हवेली क्षेत्र में कम से कम सात मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि मंडी इलाके से भी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर है. भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जिले के अधिकांश सड़क मार्ग बंद हो गए हैं. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कई लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं. प्रशासन प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रहा है.

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस प्राकृतिक आपदा में हुई जान-माल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है, उन्होंने कहा कि प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए वह दिल्ली से जम्मू लौटकर हालात का व्यक्तिगत रूप से जायजा लेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क में हैं.

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिए निर्देश

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर राजौरी और पुंछ के हालात की समीक्षा की है, उन्होंने कहा कि सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता प्रदान की जाए और आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें.

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button