Punjab

अमृतसर में नशीले पदार्थों एवं हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार व्यक्ति गिरफ्तार, 5.5 किलोग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल बरामद

Amritsar News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए छेड़ी गई मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चार व्यक्तियों को 5.557 किलोग्राम हेरोइन और दो आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर सीमा पार से चल रहे नशीले पदार्थों एवं अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आकाश संधू (30) निवासी रामबाग, अमृतसर; सुनील सरोज (40), निवासी खाई मुहल्ला, अमृतसर- हरविंदर सिंह उर्फ चमकौर (32) और वंश सिंह (40), दोनों निवासी गांव छीदां, अमृतसर के रूप में हुई है। आरोपी आकाश संधू, सुनील सरोज और हरविंदर उर्फ चमकौर आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले ही एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

नशीले पदार्थों एवं हथियारों की खेप

बरामद की गई पिस्तौलों में एक 9 एमएम ग्लॉक और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस टीम ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशी तस्करों के संपर्क में थे और क्षेत्र में आपराधिक तत्वों को डिलीवर करने के लिए नशीले पदार्थों एवं हथियारों की खेप प्राप्त करते थे। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में शामिल सभी साथियों की पहचान करने के लिए आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने हेतु आगे की जांच जारी है।

776 ग्राम हेरोइन बरामद की गई

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए, अमृतसर के पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि भरोसेमंद खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीमों ने पहले आरोपी आकाश संधू को 192 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया, जबकि उसके खुलासे के आधार पर अन्य 776 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

दो आधुनिक पिस्तौलें कीं बरामद

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान, आरोपी आकाश संधू ने खुलासा किया कि उसने यह हेरोइन आरोपी सुनील सरोज से प्राप्त की थी। उन्होंने आगे बताया कि इस जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने आरोपी सुनील सरोज को 4.589 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया। सीपी ने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस टीमों ने दो अन्य आरोपियों, हरविंदर सिंह उर्फ चमकौर और वंश सिंह को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो आधुनिक पिस्तौलें बरामद कीं।

हथियार तस्करी संबंधी गतिविधियां

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरविंदर उर्फ चमकौर थाना छेहरटा में दर्ज व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन की बरामदगी संबंधी एक मामले में भी वांछित था। जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार आरोपी हरविंदर उर्फ चमकौर और वंश सिंह अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित एक ही गांव के निवासी हैं, जो सीमा पार से नार्को एवं हथियार तस्करी संबंधी गतिविधियों को अंजाम देने में उनकी सामरिक भूमिका को दर्शाता है।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

इस संबंध में, दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से पहला मामला एफआईआर नंबर 200 दिनांक 04.07.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-बी, 21-सी और 29 के तहत थाना इस्लामाबाद में और दूसरा मामला एफआईआर नंबर 154 दिनांक 08.07.2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) के तहत थाना छेहरटा में दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर, पुंछ-किश्तवाड़ में बादल फटे, 10 की मौतें, 150 से अधिक गाड़ियां बहीं

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button