Asaduddin Owaisi : कॉकरोच जनता पार्टी के सोमवार (20 जुलाई) को हुए संसद मार्च के दौरान जमकर बवाल देखने को मिला. पुलिस के लाठीचार्ज और छात्रों को पीटने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इन्हें लेकर विपक्ष लगातार मोदी सरकार पर निशाना साध रहा है. इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) सुप्रीमो और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी सरकार की आलोचना की है.
मंगलवार (21 जुलाई) को मीडिया से बातचीत करते हुए ओवैसी ने संसद मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि जो कुछ हुआ, वह गलत हुआ है, उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की अव्यवस्थाएं पहले भी कई विरोध प्रदर्शनों के दौरान देखने को मिली हैं.
सीएए विरोध प्रदर्शन का किया जिक्र
असदुद्दीन ओवैसी ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जो घटनाएं हुई थीं, उन्हें लोग शायद भूल गए हैं, उन्होंने कहा कि उन वीडियो को दोबारा जनता के सामने लाया जाना चाहिए. ओवैसी ने कहा कि जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के अंदर जाकर लाइब्रेरी और कैंटीन में छात्रों के साथ मारपीट की गई थी, उन्होंने दावा किया कि उस दौरान एक छात्र की आंख की रोशनी चली गई थी.
जेपी नड्डा की मुलाकात पर भी उठाए सवाल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की सोमवार को सीजेपी पदाधिकारियों से हुई मुलाकात को लेकर भी ओवैसी ने सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि जब कई हफ्तों से विरोध प्रदर्शन चल रहा था, तो सरकार ने बातचीत पहले क्यों नहीं की. ओवैसी के मुताबिक, सरकार को पहले ही छात्रों के साथ बातचीत करनी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले में मिस मैनेजमेंट देखने को मिला है।
वायरल वीडियो का किया जिक्र
ओवैसी ने कहा कि संसद मार्च के बाद वायरल हो रहे वीडियो देखकर कोई भी समझदार व्यक्ति यह समझ सकता है कि वहां किस तरह की मारपीट हुई. उन्होंने यह भी बताया कि वह सांसद चंद्रशेखर से मिलकर आए हैं, जो छात्रों के साथ धरने पर बैठे हुए हैं.
ये भी पढ़ें – दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026 का भव्य शुभारंभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









