राष्ट्रीय

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

India US Trade Deal : भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) के विरोध में अलग-अलग किसान संगठनों ने दिल्ली कूच की तैयारी की है. किसानों ने दिल्ली के किसान घाट पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है.

किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. हरियाणा पुलिस ने बॉर्डर पर भारी बैरिकेडिंग की है, ताकि किसान जत्थों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके. इसके अलावा घग्गर पुल पर भी बड़े स्तर पर बैरिकेडिंग की गई है.

पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती

दिल्ली की ओर बढ़ने वाले किसान समूहों को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. मौके पर जेसीबी और क्रेन जैसी भारी मशीनें भी लगाई गई हैं. हालांकि, फिलहाल नेशनल हाईवे-44 को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है. प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है.

कई राज्यों के किसान होंगे शामिल

किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों के किसान इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचेंगे. यह रैली ‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले आयोजित की जा रही है.

सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि यदि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत सस्ते कृषि उत्पादों के आयात की अनुमति दी जाती है, तो इसका सीधा असर किसानों, खेतिहर मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और देश की कृषि अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. उनका कहना है कि इस प्रस्तावित समझौते का प्रभाव केवल कृषि उत्पादों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेती, डेयरी, उद्योग, डिजिटल व्यापार, ई-कॉमर्स, सरकारी खरीद, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) और सेवा क्षेत्र पर भी पड़ सकता है.

किसान संगठनों ने की समझौता रद्द करने की मांग

पंजाब के कई किसान संगठनों ने भी भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते का विरोध किया है. किसान संगठनों ने केंद्र सरकार से इस समझौते को रद्द करने और किसानों तथा आम लोगों के हितों की रक्षा करने की मांग की है.

किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.

ये भी पढ़ें – दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026 का भव्य शुभारंभ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button