Jantar Mantar Protest : दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एक बार फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया है. सोमवार को हुए भारी हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को खाली करा लिया था, लेकिन देर रात प्रदर्शनकारी फिर से वहां पहुंचने लगे. जानकारी के मुताबिक, इस दौरान पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके से आने वाले लोगों को नहीं रोका.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को रोका नहीं जाएगा. हालांकि, अगर किसी भी तरह की हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
CJP नेताओं ने जेपी नड्डा से की मुलाकात
इस बीच CJP के नेताओं ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की है. पार्टी के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार की ओर से उनकी मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया गया है.
वहीं, देर रात प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि अब सरकार से कोई बातचीत नहीं होगी, उन्होंने कहा कि जिसे भी बातचीत करनी है, वह जंतर-मंतर पर आकर करे.
जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर सुरक्षा कड़ी
प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर फिर से अपना मंच तैयार कर लिया है. दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है. जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्ते खुले हैं, जबकि संसद भवन की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं.
पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी एक बार फिर संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर सकते हैं. इसके अलावा, आज विपक्ष के कई नेताओं के भी जंतर-मंतर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है.
हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी
CJP के प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, पथराव और घायल होने के मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं.
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है. हिंसा और प्रदर्शन से जुड़े मामले में अब तक 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल
सोमवार शाम हुए हंगामे के दौरान प्रदर्शन में शामिल उपद्रवियों के हमले में दिल्ली पुलिस के 10 आईपीएस अधिकारियों समेत 118 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान घायल हो गए. दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना.
पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की आड़ में हिंसा और पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखने का ऐलान किया
दूसरी ओर, एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा है कि वह अपना अनशन जारी रखेंगे, उन्होंने कहा कि जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती या उन्हें अस्पताल में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा.
सोनम वांगचुक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी, उन्होंने प्रदर्शन कर रहे युवाओं की शांति और धैर्य की सराहना करते हुए सरकार और पुलिस से अपील की कि छात्रों को संसद के सामने अपनी बात रखने की अनुमति दी जाए.
ये भी पढ़ें – दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026 का भव्य शुभारंभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









