राष्ट्रीय

BRICS समिट के लिए दिल्ली पहुंचे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, आज PM मोदी से होगी मुलाकात

BRICS Summit 2026 : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS Summit 2026 में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए. उनका विमान पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा, जहां विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया. इसके बाद पुतिन का काफिला एयरपोर्ट से रवाना हो गया. उनके ठहरने के लिए दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल को संभावित स्थान माना जा रहा है.

पुतिन के दौरे को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. एयरपोर्ट से संभावित होटल और वहां से भारत मंडपम तक जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर रख रही हैं. होटल के आसपास भी कई स्तरों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.

चार स्तर का सुरक्षा घेरा

पुतिन की सुरक्षा के लिए चार स्तर का सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. सबसे भीतर क्लोज प्रोटेक्शन टीम यानी CPT रहेगी. इसके बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे. तीसरे घेरे में दिल्ली पुलिस के कमांडो और अर्धसैनिक बलों के जवान होंगे, जबकि सबसे बाहरी सुरक्षा की कमान स्थानीय पुलिस के पास रहेगी.

वहीं, होटल के कर्मचारियों की भी जांच की गई है. रूस की सुरक्षा टीम पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी है और उसने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर होटल व आसपास की व्यवस्था का जायजा लिया है. पुतिन के साथ रूसी कमांडो और सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.

मोदी-पुतिन की मुलाकात पर नजर

भारत दौरे के दौरान पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत में रक्षा, व्यापार और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

आपको बता दें कि भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है. नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले शिखर सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकारों के प्रमुख हिस्सा लेंगे. पुतिन का यह नौ महीनों में दूसरा भारत दौरा है. इससे पहले वह 5 दिसंबर 2025 को भारत आए थे.

ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button