राष्ट्रीय

CJP के ‘चलो संसद’ मार्च के बीच अभिजीत दीपके हिरासत में होने का दावा

CJP Parliament March : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के बीच ओखला स्थित NTA कार्यालय में प्रदर्शनकारियों के घुसने की खबरों को दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है. पुलिस का कहना है कि NTA कार्यालय में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है तथा सुरक्षा में किसी तरह की सेंध नहीं लगी है.

दिल्ली पुलिस के अनुसार, परीक्षा परिणाम से जुड़ी शिकायतों को लेकर 5 से 7 अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ NTA अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत मिलने की अनुमति दी गई थी. मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं.

‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुआ विरोध प्रदर्शन

सोमवार को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन CJP के हजारों समर्थक संसद की ओर मार्च करने के लिए दिल्ली में एकत्र हुए. प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पहुंचे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया.

संसद की ओर मार्च के दौरान बैरिकेड्स पार करने की कथित कोशिश में कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आने की खबर है. वहीं, मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है.

सौरव दास ने हिरासत और वार्ता का किया दावा

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में लिया है, उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि वह अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया है. सौरव दास ने यह भी कहा कि उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया, जिस पर उन्हें आंतरिक स्तर पर चर्चा का आश्वासन मिला है.

जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेहा, मनीष और आमीन ने सांसदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल की अपील पर अपना अनशन समाप्त कर दिया है.

अभिजीत दीपके ने भी खत्म किया अनशन

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आग्रह पर अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी है, उन्होंने यह अनशन उस समय शुरू किया था, जब सोनम वांगचुक को उनकी लंबी भूख हड़ताल के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वह ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल हो सकें. CJP ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है. पार्टी ने कहा है कि यदि कहीं रोका भी जाए, तो प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रखा जाए.

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button