राष्ट्रीय

वेनेजुएला में 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में बुधवार शाम कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे कई इलाकों में दहशत फैल गई. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 और दूसरे की 7.5 दर्ज की गई. दोनों भूकंपों के बाद सुनामी को लेकर चेतावनी भी जारी की गई.

USGS के मुताबिक, पहला भूकंप कैरेबियन तट पर स्थित मोरोन क्षेत्र के पश्चिम में आया था. इसका केंद्र काराकस से करीब 168 किलोमीटर पश्चिम में था और इसकी गहराई 13 किलोमीटर दर्ज की गई. इसके कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया, जिसका केंद्र मोरोन से लगभग 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था. दूसरे भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर बताई गई.

लोग घरों से बाहर निकले

भूकंप के झटके राजधानी काराकस समेत कई इलाकों में महसूस किए गए. झटकों के दौरान इमारतें हिलने लगीं, जिसके बाद लोग घरों और भवनों से बाहर निकल आए. कई स्थानों पर इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ जगहों पर दीवारें गिर गईं और सड़क से घरों का सामान तक दिखाई देने लगा. राजधानी के दो इलाकों में धूल के गुबार भी देखे गए.

लोगों से खुले स्थानों पर रहने की अपील

भूकंप के बाद US पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की.

वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए हैं, उन्होंने कहा कि काराकस के अल्तामिरा क्षेत्र में मकानों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जिससे स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है, उन्होंने लोगों से एहतियात के तौर पर खुले स्थानों पर रहने की अपील की और कहा कि आफ्टरशॉक्स के कारण कुछ संरचनाओं को और नुकसान पहुंच सकता है

भूकंप में कुछ लोग घायल

कैबेलो ने यह भी कहा कि भूकंप में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है. साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को रास्ता देने में सहयोग करें.

सरकारी टेलीविजन पर संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि राहत और बचाव कार्य तय प्रोटोकॉल के अनुसार चलाए जा रहे हैं, उन्होंने लोगों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा अपने परिचितों का हालचाल जानने की अपील की.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button