Hisar Toll Plaza : हरियाणा के हिसार स्थित सरसौद टोल प्लाजा पर देर रात टोल शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया. आरोप है कि विवाद के दौरान एक स्कार्पियो वाहन ने टोल प्लाजा के मैनेजर संजय शुक्ला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब एक बजे की है. सरसौद टोल प्लाजा पर पहुंचे एक स्कार्पियो वाहन में कुछ युवक सवार थे. टोल कर्मचारियों ने उनसे टोल शुल्क और वाहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की बात कही. इस दौरान वाहन सवार युवकों ने खुद को बहबलपुर गांव का निवासी बताते हुए टोल शुल्क से छूट मिलने का दावा किया.
आरसी दिखाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
टोल कर्मचारियों ने उनसे वाहन की रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) दिखाने के लिए कहा. कर्मचारियों का कहना था कि टोल छूट का लाभ लेने के लिए आरसी दिखाना जरूरी है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. स्थिति बिगड़ती देख टोल प्लाजा के मैनेजर संजय शुक्ला मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया.
स्कार्पियो से कुचलने के बाद मैनेजर की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक बहस चलती रही और माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसी दौरान वाहन में मौजूद युवकों ने कथित तौर पर संजय शुक्ला पर पिस्तौल तान दी, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई.
आरोप है कि विवाद के बाद स्कार्पियो सवार युवकों ने वाहन को संजय शुक्ला की ओर बढ़ा दिया. गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
संजय शुक्ला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के रहने वाले थे और सरसौद टोल प्लाजा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. हालांकि पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – बुजुर्गों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की बड़ी पहल, 1.11 लाख से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









