Namo Bharat Train : अगर आप नमो भारत ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह अपडेट आपके लिए बेहद जरूरी है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 4 अगस्त से 12 अगस्त तक नमो भारत कॉरिडोर के 17 स्टेशनों पर कई प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है. इसके साथ ही प्रभावित स्टेशनों पर पार्किंग सुविधा भी सीमित रहेगी.
एनसीआरटीसी के अनुसार, जिन स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू रहेगी उनमें मोदीपुरम, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर और गाजियाबाद शामिल हैं.
इन 17 स्टेशनों पर रहेगा असर
अधिकांश स्टेशनों पर गेट नंबर-2 बंद रहेगा. वहीं, बेगमपुल स्टेशन पर गेट नंबर-2 और 3, दुहाई स्टेशन पर गेट नंबर-3 और 4, जबकि गाजियाबाद स्टेशन पर गेट नंबर-3 और 5 बंद रहेंगे. इन प्रभावित गेटों के पास पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी.
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे संबंधित स्टेशनों पर उपलब्ध वैकल्पिक प्रवेश और निकास द्वारों का उपयोग करें. निगम ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए स्पष्ट किया है कि सराय काले खां-मोदीपुरम नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी.
यात्रियों की संख्या बना सकती है नया रिकॉर्ड
एनसीआरटीसी के अनुसार, 14 अगस्त तक नमो भारत ट्रेनें प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हर 8 मिनट के अंतराल पर संचालित होती रहेंगी. इसलिए यात्रियों को सेवा प्रभावित होने की चिंता नहीं है, लेकिन स्टेशन पर प्रवेश और पार्किंग से जुड़ी व्यवस्था को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनानी चाहिए.
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या नया रिकॉर्ड भी बना सकती है. अनुमान है कि एक दिन में 1.50 लाख से अधिक यात्री सफर कर सकते हैं. इससे पहले 8 जून 2026 को करीब 1,25,500 यात्रियों ने सफर किया था, जो अब तक का सबसे बड़ा दैनिक रिकॉर्ड है.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








